Edited By Khushi, Updated: 03 Jun, 2023 07:31 PM

झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना के शिकार हुए व्यक्तियों के प्रति अपने दुख एवं संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
Ranchi: झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना के शिकार हुए व्यक्तियों के प्रति अपने दुख एवं संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि इस भीषण हादसे से प्रभावित हुए पीड़ित परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। घटना में लगातार मृतकों की संख्या बढ़ने से मन काफी विचलित है। ईश्वर हादसे में मरने वाले व्यक्तियों की आत्मा को शांति प्रदान करें और यह भी कामना करता हूं कि घायल व्यक्तियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्राप्ति हो।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि ओडिशा के बालासोर में ट्रेन की हृदयविदारक के दुर्घटना में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने के समाचार से मन द्रवित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हादसे में मृतकों की आत्मा को शांति और घायलों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। राहत और बचाव कार्य में लगे एनडीआरएफ के जवानों और स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ताओं के प्रयासों को नमन करता हूं।
वहीं, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इस दुर्घटना मारे गए लोगों के प्रति गहरा शोक एवं संवेदना प्रकट किया है एवं उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर ने कहा कि रेल हादसे में जो भी यात्रियों की मृत्यु हुई है उनके परिवार के साथ पूरा कांग्रेस परिवार संवेदना व्यक्त करता है एवं इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि भविष्य में इस तरह की दुर्घटना न घटे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र सरकार इस घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषी अधिकारियों पर सख्त कारवाई करें और इस घटना की जिम्मेवारी रेल मंत्री स्वयं लें।