Edited By Khushi, Updated: 18 May, 2024 04:08 PM

गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के परसौनी में अवैध माइका उत्खनन के दौरान 2 महिला की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। परिजनों ने बताया कि तीनों महिला आपस मे ननद भोजाई है।
Giridih: गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के परसौनी में अवैध माइका उत्खनन के दौरान 2 महिला की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। परिजनों ने बताया कि तीनों महिला आपस मे ननद भोजाई है। दोनों मृत महिला के 3- 3 बच्चे हैं। मृत महिला फुलवा देवी के पति ने उसे अपने घर से भगा दिया था। जिस कारण फुलवा देवी अपने मायके में ही रहती थी।
मृत महिला की पहचान गोविन्दपुर (बिहार) थाना क्षेत्र की फुलवा देवी (30) पति संजय रविदास, गावां थाना क्षेत्र के बिरने निवासी टुनी देवी पति स्व सुखदेव रविदास के रूप में की गई है। घटना में परसौनी निवासी गीता देवी पति मनोज रविदास घायल हो गई है। बताया जाता है कि बीते शुक्रवार को माइका खनन के दौरान यह घटना घटी है। घटना को दबाने का प्रयास होता रहा। शव को रात में बाइक से लेकर लोग भागना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस गश्ती वाहन को देख इधर-उधर भागने लगे। जिसके बाद पुलिस ने शव बरामद किए और जांच में जुट गई है।
बताते चले कि बीते 14 मई को भी चाल धंसने से तराई में एक बच्चे की मौत हो गई थी। उस मामले में भी खदान संचालक ने मामले का रफा दफा करते हुए शव का ठिकाना लगा दिया था। बाद में पुलिस भी पहुंची थी, लेकिन शव को बरामद नहीं कर पाया था। यहां वन भूमि में वन विभाग और पुलिस की नाक के नीचे माइका तस्कर अवैध माइका उत्खनन कर रहे हैं। जंगली क्षेत्रों में माइका के लगातार उत्खनन से ऐसी घटनाएं अक्सर घटती रहती हैं। बावजूद इसके माइका माफियाओं के डर और लालच में आकर लोग पूछताछ करने पर चुप्पी साध लेते हैं। चंद रुपए के लालच में एक दशक में कई लोगों की जान चल गई। वही इस घटना को लेकर मीडिया के सामने न ही मृतक के परिजन कुछ बोल रहे है और न ही स्थानीय पुलिस। अब देखना होगा कि अवैध रूप से चलाए जा रहे इस प्रकार की माइका खदानों के संचालको पर क्या कार्रवाई होती है अथवा मुद्रा मोचन कर मामले को रफा दफा की जाती है।