Edited By Ramanjot, Updated: 31 Mar, 2026 10:27 AM

झारखंड उच्च न्यायालय ने हजारीबाग के बिष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। अदालत ने राज्य के गृह सचिव, डीजीपी और एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
Jharkhand News: झारखंड उच्च न्यायालय ने हजारीबाग के बिष्णुगढ़ में 12 साल की लड़की के साथ कथित बलात्कार के बाद उसकी हत्या के मामले का सोमवार को स्वतः संज्ञान लिया। न्यायालय ने राज्य के गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP)और हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक को इस मामले में जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया।
न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद और न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी की पीठ ने लड़की के साथ कथित बलात्कार और निर्मम हत्या के बारे में 29 मार्च को छपी एक खबर पर संज्ञान लिया। अधिवक्ता हेमंत कुमार शिकारवार ने अदालत में इस मामले को उठाया और पीठ को सूचित किया कि पुलिस ने अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित की मां, जो एक ईंट भट्ठे में दिहाड़ी मजदूर है, को मामले में सबूतों से छेड़छाड़ करने की धमकी दी जा रही है। उच्च न्यायालय ने मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार करने और उसपर प्रहार करने के मामले को गंभीरता से लिया।
अभी तक नहीं हुई कोई गिरफ्तारी
अदालत के निर्देश पर हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ऑनलाइन माध्यम से पेश हुए। अंजन ने बताया कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है। अदालत ने एसपी से सवाल किया कि प्राथमिकी दर्ज करने के पांच दिन बाद भी आरोपी को गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा सका। लड़की 24 मार्च की रात को अपनी मां के साथ राम नवमी के अवसर पर निकाली गई 'मंगला' शोभायात्रा देखने के लिए बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अपने पैतृक गांव गई थी। पीड़िता के परिजनों ने प्राथमिकी में आरोप लगाया कि उसका अपहरण किया गया था और उसका शव 25 मार्च को गांव के एक खेत में मिला था।
जांच के लिए 3 सदस्यीय SIT का गठन
झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने रविवार को कहा था कि मामले की त्वरित जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है। एसआईटी को एक सप्ताह के भीतर अबतक की गई कार्रवाई के विवरण सहित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है। इस बीच, विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस घटना के विरोध में हजारीबाग में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि अगर प्रशासन अगले दो दिनों में दोषियों को पकड़ने में विफल रहता है तो वे तीन अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान करेंगे।