Edited By Ramanjot, Updated: 27 Jun, 2026 06:12 PM

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की एक टीम को हाथियों के झुंड को इलाके से खदेड़ने के लिए तैनात किया गया।
Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले में तीन हाथियों के झुंड ने एक कच्चे मकान पर धावा बोल दिया और 65 वर्षीय एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात रंका थाना क्षेत्र के चुतरू गांव स्थित एक घर पर हाथियों ने धावा बोल दिया। हाथियों का यह झुंड भटककर गांव में पहुंचा था। उन्होंने बताया कि मरने वाले की पहचान डागर मांझी के रुप में हुई है। वन अधिकारी ललन कुमार ने बताया, ''मांझी घर में सो रहे थे। तभी उनके घर गिरने की आवाज उन्हें सुनाई दी और वह जाग गए। उन्होंने भागकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन हाथियों ने उन्हें कुचल कर मार डाला जिससे उनकी मौत हो गई।"
ललन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की एक टीम को हाथियों के झुंड को इलाके से खदेड़ने के लिए तैनात किया गया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।