Edited By Khushi, Updated: 23 Sep, 2023 08:37 PM

भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी आज चक्रधरपुर की संकल्प सभा में हेमंत सरकार पर जमकर बरसे। मरांडी को सुनने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा।
रांची: भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी आज चक्रधरपुर की संकल्प सभा में हेमंत सरकार पर जमकर बरसे। मरांडी को सुनने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। मरांडी ने कहा कि पूरा सिंहभूम की जनता डेंगू और मलेरिया से परेशान है, लेकिन हेमंत सोरेन दलालों, बिचौलियों को बचाने में परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में सत्ता संपोषित भ्रष्टाचार, अपराध चरम पर है। खान- खनिज, बालू पत्थर की लूट मची है। उन्होंने कहा कि महाजन प्रथा का विरोध करते- करते शिबू सोरेन परिवार आज झारखंड का सबसे बड़ा महाजन बन गया। मरांडी ने कहा कि राज्य में रोज हत्या, चोरी, अपहरण, डकैती के वारदात हो रहे। बहन- बेटियां घरों में सुरक्षित नहीं। बलात्कार, सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं आम हो गई हैं। बेटियों को पेट्रोल से जलाया गया, पहाड़िया बेटी को टुकड़ों में काटा गया, लेकिन आज तक अपराधी को सजा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों को प्रधानमंत्री आवास, छोटे- मोटे निर्माण के लिए नदी से बालू लेने पर पुलिस पकड़ लेती है, लेकिन सरकार के संरक्षण में रोज हजारों ट्रक अवैध बालू बंगाल, बिहार, उत्तरप्रदेश, दिल्ली, मुंबई जा रहा, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती क्योंकि कमीशन का पैसा हेमंत सोरेन के खाते में जाता है।
मरांडी ने कहा कि आज ब्लॉक, थाना सभी जगह भ्रष्टाचार है। राशन कार्ड में नाम जुड़वाने, मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, म्यूटेशन करने के लिए हजारों रुपए घूस देने पड़ते हैं। पदाधिकारी बोलते हैं मोबाइल की तरह पोस्ट को रिचार्ज कराकर आए हैं, वसूल तो करेंगे ही। उन्होंने कहा कि पुलिस आज चोर बदमाश लुटेरों को नहीं पकड़ रही बल्कि दिनरात वसूली कर रही। उन्होंने कहा कि हेमंत है तो दलालों, बिचौलियों को हिम्मत है। मुख्यमंत्री दलालों बिचौलियों को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में पैरवी कर रहे। जनता की कमाई का करोड़ों रुपए खर्च कर रहे। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के रहते भ्रष्टाचार, अपराध से झारखंड को मुक्त नहीं कराया जा सकता। मरांडी ने कहा कि झारखंड राज्य भाजपा की देन है और जब- जब राज्य में भाजपा की सरकार बनी है चाहे बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा या रघुवर दास की सरकार रही हो, विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं।