Edited By Diksha kanojia, Updated: 27 Jul, 2021 12:27 PM
आजसू नेता ने कहा कि उनकी पार्टी हर प्रखण्ड में ऐसे नेताओं और कार्यकर्ताओं की फौज तैयार करेगी, जिन्हें झारखंड एवं झारखंड की राजनीतिक विषयों का बोध हो तथा जो हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहें। उन्होंने सभी प्रखण्ड पदाधिकारियों से पंचायत प्रभारी की...
रांचीः ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने सोमवार को कहा कि राजनीति से ही समाज विकास एवं समृद्धि के मार्ग पर अग्रसर होता है।
महतो ने रामगढ़ और कोडरमा जिले के 13 प्रखण्ड के नवनियुक्त प्रखण्ड पदाधिकारियों के लिए आयोजित शपथ सह संवाद समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं होता बल्कि गरीब, असहाय और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के न्याय और अधिकार के लिए आवाज़ बुलंद करना होता है तथा उनके साथ खड़े रहना होता है। राजनीति से ही समाज विकास एवं समृद्धि के मार्ग पर अग्रसर होता है।
आजसू नेता ने कहा कि उनकी पार्टी हर प्रखण्ड में ऐसे नेताओं और कार्यकर्ताओं की फौज तैयार करेगी, जिन्हें झारखंड एवं झारखंड की राजनीतिक विषयों का बोध हो तथा जो हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहें। उन्होंने सभी प्रखण्ड पदाधिकारियों से पंचायत प्रभारी की नियुक्ति करने, अनुषंगी इकाई का गठन करने, क्षेत्रीय कमिटी का गठन करने, वाडर् स्तर तक नेताओं को पहुँचने तथा कोविड संक्रमण से मरनेवालों की प्रखंडवार सूची तैयार करने का निर्देश दिया। सभी पदाधिकारियों से उन्होंने बारी-बारी से संवाद करते हुए वर्तमान सरकार के कामकाज का फीडबैक भी लिया।
महतो ने कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था चौपट हो चुकी है। ऑनलाइन पढ़ाई के नाम पर बस खानापूर्ति हो रही है। सरकारी विद्यालयों के बच्चों के पास ऑनलाइन शिक्षा के लिए समुचित संसाधन उपलब्ध नहीं। किसी भी देश या राज्य का सामाजिक सेहत उसकी बुनियादी शिक्षा पर टिकी होती है। इन विषयों को लेकर सरकार को आत्ममूल्यांकन करने की आवश्यकता है।