Edited By Ramanjot, Updated: 15 May, 2021 07:55 PM
उत्तराखंड में रूद्रपुर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक राजकुमार ठुकराल पर जानलेवा हमला करने वाले को विशेष अभियान समूह (एसओजी) एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उत्तर प्रदेश के बरेली से गिरफ्तार किया गया है।
नैनीतालः उत्तराखंड में रूद्रपुर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक राजकुमार ठुकराल पर जानलेवा हमला करने वाले को विशेष अभियान समूह (एसओजी) एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उत्तर प्रदेश के बरेली से गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, यह घटना आठ मई की रात उस समय की है जब उधमसिंह नगर के एलाइंस कॉलोनी गेट पर गदरपुर निवासी नरेन्द्र छाबड़ा एवं सामिया लेक सिटी के रहने वाले तरन सिंह कहलों के बीच कार टकरा जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। इसी बीच वहां से गुजर रहे भाजपा के विधायक ठुकराल ने दोनों के बीच विवाद को शांत कराने की कोशिश की। बताया जाता है कि इसी दौरान तरन सिंह कहलों विधायक से भी उलझ पड़ा और तथाकथित रूप से आवेश में आकर पिस्टल से फायर कर दिया। इस हमले में विधायक बाल-बाल बचे गए लेकिन उनके साथ आए नरेन्द्र छाबड़ा घायल हो गया।
घायल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए एसओजी की अगुवाई में कई टीमें बनाईं। आखिरकार आरोपी को पुलिस ने आज बरेली से गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था।