Edited By Ramanjot, Updated: 05 Feb, 2026 12:39 PM

मुजफ्फरपुर के एनएच-22 पर काजीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर चौक के पास बुधवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनपुर निवासी 23 वर्षीय सौरभ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।...
Road Accident : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एनएच-22 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
अमेजन कंपनी में काम करता था युवक
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के काजीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर चौक स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। मृतक की पहचान सोनपुर थाना क्षेत्र के महेश्वरी चौक निवासी उमेश कुमार सिंह के 23 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सौरभ रामआशीष चौक स्थित अमेजन कंपनी में काम करता था। वहीं बुधवार शाम वह काम से घर लौटने के बाद बाइक से मुजफ्फरपुर एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकला था। इसी दौरान दौलतपुर चौक के पास पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
परिवार में मचा कोहराम
हादसा इतना भीषण था कि सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए । इसके बाद पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर काजीपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक सौरभ दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा है। हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक एनएच-22 के पश्चिमी लेन पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही, जिसे बाद में पुलिस ने बहाल कराया।
काजीपुर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।