Edited By Ramanjot, Updated: 20 Jul, 2026 03:41 PM

राजद के आलोक मेहता और भाई वीरेंद्र ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ के समान हैं। इस पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सदस्यों से कहा कि वे इस मुद्दे को नियमानुसार उचित समय पर उठाएं।
Bihar News: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सदन की कार्यवाही कल 11 बजे दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की कार्यवाही आज शुरू होते ही विपक्षी विधायकों ने नीट प्रश्नपत्र लीक का मुद्दा उठाने का प्रयास किया।
राजद के आलोक मेहता और भाई वीरेंद्र ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ के समान हैं। इस पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सदस्यों से कहा कि वे इस मुद्दे को नियमानुसार उचित समय पर उठाएं। विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने अपने प्रारंभिक संबोधन में कहा कि विधानसभा केवल कानून बनाने का मंच नहीं, बल्कि जनकल्याण और लोकतंत्र का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि सदन लोकतांत्रिक व्यवस्था का सर्वोच्च मंच है, जहां सदस्यों के विचार और मत अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन उनका साझा उद्देश्य राष्ट्र और समाज का कल्याण होना चाहिए।
प्रेम कुमार ने जनप्रतिनिधियों से व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि यही एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि का वास्तविक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि संविधान की सफलता जनप्रतिनिधियों के आचरण, गरिमा तथा लोकतांत्रिक दायित्वों के ईमानदारी से निर्वहन पर निर्भर करती है। अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी सदस्य लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करेंगे और सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने सदस्यों से सदन के नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप ही अपने मुद्दे उठाने की अपील की।