Edited By Swati Sharma, Updated: 24 Aug, 2023 04:32 PM

बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की नई सूची जारी कर दी है। इसमें 98 नेताओं को जगह दी गई है। इस बीच जो सबसे बड़ी चर्चा है, वह यह है कि जदयू की इस बार की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की नई सूची से पार्टी के राज्यसभा सांसद हरिवंश...
पटना(अभिषेक कुमार सिंह): बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की नई सूची जारी कर दी है। इसमें 98 नेताओं को जगह दी गई है। इस बीच जो सबसे बड़ी चर्चा है, वह यह है कि जदयू की इस बार की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की नई सूची से पार्टी के राज्यसभा सांसद हरिवंश प्रसाद का पत्ता कट गया हैं। वही अब इस मुद्दे पर राजनीति भी तेज हो गई है। भाजपा प्रवक्ता अरविंद सिंह ने इस पर तंज करते हुए कहा कि एक ईमानदार और जाति विशेष के लोगों को जदयू पसंद नहीं करती। जदयू और राजद एक समाज के लोग को पसंद नहीं करती, जो हाल रघुवंश बाबू का हुआ, वही हाल अब हरिवंश जी के साथ हो रहा हैं।
जदयू ने दी ये सफाई
इधर, इसपर सफाई देते हुए जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि 9 अगस्त 2022 को जब से जेडीयू एनडीए से अलग हुई तब से आजतक हरिवंश पार्टी की किसी बैठक में शामिल नहीं होते हैं। जब संसद का सत्र चलता है, उस वक्त पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में भी वे नहीं आते हैं। ललन सिंह ने कहा कि हो सकता है कि एनडीए से जेडीयू के अलग होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें मना किया होगा कि वे जेडीयू की किसी बैठक में नहीं जाएं, इसलिए उन्हें जगह नहीं दी गई हैं।
ये जदयू का आंतरिक मामला: कांग्रेस
वहीं इस पर राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जदयू की ओर से जो नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इसमें कई लोगों को शामिल किया गया है। कई लोगों को शामिल नहीं किया गया है। ऐसा नहीं है कि सब कोई इसमें शामिल भी हो सकता है, इसकी अपनी सीमा भी है। उन्होंने कहा कि हो सकता है हरिवंश जी एक संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए उनका नाम नहीं रखा गया होगा। अगर कोई व्यक्ति गठबंधन धर्म और पार्टी के आचार संहिता का पालन न करते हुए स्वयं अपने मन के अनुसार किसी पदों को धारण करती है तो पार्टी अपने अनुसार काम भी करती है। कांग्रेस एमएलसी प्रेमचंद मिश्रा ने इस मुद्दे पर कहा कि जदयू ने अपने कार्यसमिति का गठन किया। इसमें किसको जगह दिया किसको नहीं, ये उनका आंतरिक मामला है। इसपर अन्य किसी दूसरी पार्टी को बोलने का हक नहीं हैं। हर चीज़ो को पॉलिटिकल एंगल से देखना सही नहीं है।
लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी जदयू
बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है। आने वाले चुनाव को लेकर जेडीयू ने अभी से ही तैयारी शुरू कर पार्टी की 98 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया है। इस कार्यकारिणी में संसद के दोनों सदनों के जदयू सदस्यों को जगह दी गई है। हरिवंश को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। राजनीति गलियारों में यह चर्चा तेज है कि भाजपा से नजदीकियों के कारण जदयू ने ऐसा कदम उठाया है। आने वाले दिनों में भी बिहार की राजनीति में नया बदलाव देखने को मिल सकता है ।