Edited By Ramanjot, Updated: 05 Jul, 2026 01:46 PM

ढाका के डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि विवाहिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
Motihari News: बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना क्षेत्र में लोन दिलाने का झांसा देकर एक विवाहिता के कथित यौन शोषण का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की शिकायत पर ढाका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए माइक्रोफाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने महिला और आरोपी दोनों की मेडिकल जांच कराने के साथ वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के उद्देश्य से उनके कपड़े भी जब्त किए हैं।
लंबे समय तक यौन शोषण करता रहा आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के बाजार गांव निवासी सन्नी कुमार के रूप में हुई है। वह ढाका बड़ी बाजार स्थित एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी की शाखा में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत था। पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि वह कुछ माह पहले लोन लेने के लिए कंपनी की शाखा गई थी। इसी दौरान शाखा प्रबंधक ने लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाकर उसे अपने प्रभाव में लिया और लंबे समय तक उसका कथित यौन शोषण करता रहा।
जांच के लिए आवश्यक वस्त्र भी जब्त
महिला का कहना है कि बार-बार आश्वासन देने के बावजूद उसका लोन स्वीकृत नहीं कराया गया। बाद में उसे अपने साथ हुई कथित धोखाधड़ी और शोषण का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने ढाका थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया और जांच के लिए आवश्यक वस्त्र भी जब्त किए हैं।
ढाका के डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि विवाहिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। वहीं ढाका थानाध्यक्ष रामरूप राय ने बताया कि महिला के आवेदन पर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।