Edited By Ramanjot, Updated: 27 Oct, 2022 04:56 PM

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी मंदिर में भगवान चित्रगुप्त की पूजा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सभी को चित्रगुप्त पूजा और भाई दूज की शुभकामनाएं दी।
पटना (अभिषेक कुमार सिंह): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर पटना के गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की और राज्य के विकास, सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की। इस दौरान उन्होंने सभी को चित्रगुप्त पूजा और भाई दूज की शुभकामनाएं भी दीं।
मौके पर उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर वित्त सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पूर्व विधान पार्षद सह गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी प्रबंध न्यास समिति के अध्यक्ष डॉ. रणवीर नंदन, बिहार राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह सहित गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी पूजा समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'हम हर वर्ष यहां आते हैं। यहां आकर मुझे प्रसन्नता होती है। यह पूरा का पूरा एरिया अंग्रेजों के जमाने में बना था। उसी समय यहां यह मंदिर भी बना था। यह मंदिर सौ साल से भी काफी पुराना है।'

नीतीश कुमार ने मोकामा और गोपालगंज विधानसभा उपचुनाव में प्रचार करने जाने के संबंध में पूछे गए सवाल पर कहा कि पहले वह स्वस्थ हो जाएंगे तभी कुछ कह सकते हैं। उनकी पार्टी के सभी नेता चुनाव प्रचार में जा रहे हैं। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा भारतीय मुद्रा पर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की तस्वीर लगाए जाने की मांग के सवाल पर कहा कि लोग क्या-क्या मांग करते रहते हैं।