Edited By Swati Sharma, Updated: 09 Oct, 2022 01:25 PM

जानकारी के मुताबिक, घटना भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला के कदवा ओपी थाना क्षेत्र के पचगछिया टोला की है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय नागेश्वर सिंह के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक के परजनों ने बताया कि शनिवार रात 9 बजे के लगभग नागेश्वर सिंह...
भागलपुरः बिहार के भागलपुर जिले में अपराधियों के द्वारा लगातार हत्याओं का दौर जारी है। बीते एक महीने में अपराधियों ने 10 से ज्यादा लोगों को मौत के घाट उतार दिया है। ताजा मामला नवगछिया से सामने आया है, जहां पर बेखौफ अपराधियों ने सो रहे एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसर गया है।

अपराधियों ने किसान पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां
जानकारी के मुताबिक, घटना भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला के कदवा ओपी थाना क्षेत्र के पचगछिया टोला की है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय नागेश्वर सिंह के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक के परजनों ने बताया कि शनिवार रात 9 बजे के लगभग नागेश्वर सिंह खाना खाकर सोने के लिए घर से कुछ दूरी पर स्थित बासा पर गए हुए थे। इसी बीच गोली चलने की आवाज सुनाई दी। बेखौफ अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। अपराधियों ने एक के बाद एक 3 गोलियां चलाई जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद जब रविवार की सुबह परिजन बासा पर गए तो वहां पर उनका शव पड़ा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मृतक के शव को देखने पहुंचे।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया है। इसके अतिरिक्त पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिजनों को हत्या की जानकारी रविवार को उस समय हुई जब वह बासा पर गए। फिलहाल पुलिस को मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।