Edited By Ramanjot, Updated: 11 Aug, 2023 05:56 PM

पत्रकारों के इस सवाल पर कि क्या उन्हें लगता है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राजग का ‘‘सफाया'' होगा, नीतीश ने कहा, ‘‘बिल्कुल।'' मोदी के 'घमंडिया' तंज के बारे में पूछे जाने पर नीतीश ने कहा, ‘‘हम सभी ने देश की भलाई के लिए हाथ मिलाया है। उन्हें (भाजपा)...
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई घटक "भय के कारण" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के साथ हैं और वे चुनाव के समय पाला बदलेंगे। जनता दल (यूनाइटेड) नेता नीतीश कुमार विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' के प्रमुख वास्तुकारों में से एक हैं।
"2024 में राजग का होगा सफाया"
पत्रकारों के इस सवाल पर कि क्या उन्हें लगता है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राजग का ‘‘सफाया'' होगा, नीतीश ने कहा, ‘‘बिल्कुल।'' मोदी के 'घमंडिया' तंज के बारे में पूछे जाने पर नीतीश ने कहा, ‘‘हम सभी ने देश की भलाई के लिए हाथ मिलाया है। उन्हें (भाजपा) पता नहीं है कि कई पार्टियां, जिनका मैं अभी नाम नहीं लूंगा, डर के कारण उनके साथ हैं। चुनाव की घोषणा होने पर वे इस ओर आएंगी।'' भाजपा से एक साल पहले नाता तोड़ने वाले नीतीश ने अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के पहले दो दिनों के दौरान संसद से मोदी की अनुपस्थिति पर भी परोक्ष रूप से कटाक्ष किया।
वहीं नीतीश कुमार का ध्यान जब भाजपा द्वारा महागठबंधन को हराने के बार-बार के दावे की ओर आकर्षित किया गया, तो उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। कुमार ने 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान लोक जनशक्ति पार्टी का नेतृत्व कर रहे चिराग पासवान की ओर परोक्ष रूप इशारा करते हुए कहा, ‘‘वे मेरी पार्टी का विधानसभा में संख्या बल के मामले में तीसरे नंबर पर होने के कारण मजाक उड़ाते रहते हैं। उन्हें अपने एजेंट की मदद से रची गई साजिश को स्वीकार करना चाहिए।'' पासवान ने उन सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिन पर जद (यू) चुनाव लड़ रही थी, जिससे मुख्यमंत्री की पार्टी की सीटों में भारी गिरावट आई। उन उम्मीदवारों में से कई भाजपा के बागी थे।