Edited By Khushi, Updated: 31 Jul, 2023 01:53 PM

2 दिन के अवकाश के बाद आज झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र (Jharkhand Assembly Monsoon Session) के दूसरे दिन की शुरुआत हुई, लेकिन शुरुआत होने से पहले ही सत्र हंगामे की भेंट चढ गया, जिसके बाद 12 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया था।
रांची: 2 दिन के अवकाश के बाद आज झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र (Jharkhand Assembly Monsoon Session) के दूसरे दिन की शुरुआत हुई, लेकिन शुरुआत होने से पहले ही सत्र हंगामे की भेंट चढ गया, जिसके बाद 12 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया था। वहीं, 1 अगस्त तक कार्यवाही स्थगित कर दी गई है।
11988 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश
12 बजे निर्धारित समय से सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई जहां ध्यानाकर्षण के दौरान विधायक सरयू राय ने निजी स्कूलों को लेकर जारी सरकार के आदेश में संशोधन करने की बात कही। इस दौरान भाजपा के विधायक वेल तक चले आए। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने उन्हें बैठने को कहा, लेकिन वे हंगामा करते रहे। इसके बाद सदस्यों ने बारी- बारी से शोरगुल के बीच शून्यकाल की सूचनाएं पढ़ीं। इसी दौरान वित्तीय वर्ष 2023-24 का पहला अनुपूरक बजट सदन पटल पर रखा गया। 11988 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश होने के साथ ही सदन की कार्यवाही कल यानी मंगलवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
बता दें कि मानसून सत्र शुरू होने से पहले सदन के बाहर कांग्रेस के विधायकों ने इंडिया के बैनर तले मणिपुर की घटना को लेकर हंगामा किया। इस दौरान कांग्रेस के विधायकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस बीच कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी और भाजपा विधायक समरी लाल के बीच पार्टी के चरित्र को लेकर बहस भी हुई। समरी लाल ने इंडिया को इंदिरा की पार्टी कहा तो वहीं इरफान ने भाजपा का आदिवासी विरोधी बताया। हालांकि हंगामे के बीच निर्धारित समय से सदन शुरू हुआ। सदन शुरू होते ही भाजपा की ओर से हंगामा किया गया। माले विधायक विनोद सिंह ने महिला सुरक्षा को लेकर सवाल पूछा। उन्होंने थानों में महिला दारोगा की नियुक्ति को लेकर भी सवाल पूछा। वहीं, सरकार की ओर से कहा गया कि इस दिशा में काम हो रहा है। प्रश्नकाल में विधायक प्रदीप यादव ने मणिपुर की घटना का जिक्र किया और केंद्र सरकार को संज्ञान लेने को कहा। वहीं, इसके बाद सदन को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था।