Edited By Khushi, Updated: 04 Feb, 2026 12:52 PM

Jharkhand News: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के स्थापना दिवस समारोह को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। धनबाद के गोल्फ मैदान में भव्य आयोजन की तैयारी अंतिम चरण में है। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे।
Jharkhand News: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के स्थापना दिवस समारोह को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। धनबाद के गोल्फ मैदान में भव्य आयोजन की तैयारी अंतिम चरण में है। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे।
5 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था
झारखंड मुक्ति मोर्चा का स्थापना दिवस समारोह इस बार भव्य तरीके से मनाया जाएगा। धनबाद स्थित गोल्फ मैदान में विशाल और आकर्षक पंडाल तैयार किया जा रहा है, जहां करीब 5 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। समारोह की तैयारियों को लेकर बीते मंगलवार को गोल्फ मैदान में झामुमो जिला कमेटी की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व सचेतक सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने किया। बैठक में पार्टी समर्थित प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष लखी सोरेन, जिला सचिव मन्नू आलम समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में CM हेमंत सोरेन होंगे शामिल
मथुरा प्रसाद महतो ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन सहित पार्टी के सभी मंत्री और विधायक शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का आगमन दोपहर करीब 3 बजे होगा और वे शाम 5 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री समारोह को संबोधित भी करेंगे। बैठक में महानगर कमेटी के जिलाध्यक्ष मंटू चौहान और केंद्रीय प्रवक्ता डॉ. नीलम मिश्रा मौजूद नहीं थीं। वहीं, बैठक में वरीय उपाध्यक्ष महानगर, वरिष्ठ नेता देबू महतो, मदन महतो, रति लाल टुडू समेत अन्य नेता उपस्थित थे।
बीते मंगलवार देर रात तक गोल्फ मैदान में तैयारियां जारी रहीं। इसी दौरान डीएसपी विधि-व्यवस्था नौशाद आलम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर जिलाध्यक्ष लखी सोरेन, जिला सचिव मन्नू आलम, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, प्रवक्ता समीर रवानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।