श्रद्धालुओं की मौत पर CM ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की मदद का ऐलान

Edited By Ramkesh, Updated: 17 Aug, 2026 02:51 PM

the chief minister expressed grief over the deaths of the devotees and announced

बिहार के लखीसराय जिले में प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर के पास सोमवार सुबह भगदड़ में कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंदिर के समीप स्थित अशोक धाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर...

लखीसराय: बिहार के लखीसराय जिले में प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर के पास सोमवार सुबह भगदड़ में कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंदिर के समीप स्थित अशोक धाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण हुई। सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचे थे।

भगदड़ में सात श्रद्धालुओं की मौत
लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया, "सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अशोक धाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास भगदड़ में कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गयी जबकि 14 अन्य घायल हो गए। भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग का एक हिस्सा टूट गया, जिससे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे और भगदड़ मच गई।" उन्होंने बताया कि सुरक्षा कर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं तथा बचाव एवं राहत कार्य जारी है। सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।

सात मृतकों में से पांच की हुई पहचान
अधिकारियों के अनुसार, सात मृतकों में से पांच की पहचान मणिमाला देवी, टिंकू देवी, हेमलता देवी, ललिता देवी और सरिता के रूप में हुई है। जिलाधिकारी ने बताया कि बचाव एवं राहत कार्य जारी है और घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया जा रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में श्रद्धालुओं की मौत पर दुख जताया और प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। 

सीएम ने घटना पर जताया दुख 
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि अशोक धाम में हुई घटना ''दुखद और हृदयविदारक'' है तथा इससे वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों को उचित और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!