Edited By Ramanjot, Updated: 16 Jun, 2023 06:19 PM

Bihar Heat Stroke: दरअसल, भोजपुर में गुरुवार को 4 बुजुर्ग और दो युवकों की लू लगने से मौत हो गई। इसके अलावा रोहतास में दो और नालंदा, जमुई व गया में एक-एक शख्स की मौत होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर सासाराम जिला मुख्यालय में...
पटनाः बिहार में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। हीट वेव को लेकर राज्य में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसी बीच लू की चपेट में आने से 24 घंटे में 11 लोगों की जान चली गई है। वहीं कई लोग अस्पताल में इलाजरत हैं। भोजपुर में मृतकों की संख्या सबसे ज्यादा है। जिले में 6 लोगों की मौत हुई है।
दरअसल, भोजपुर में गुरुवार को 4 बुजुर्ग और दो युवकों की लू लगने से मौत हो गई। इसके अलावा रोहतास में दो और नालंदा, जमुई व गया में एक-एक शख्स की मौत होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर सासाराम जिला मुख्यालय में तैनात सैप जवान गौरी प्रसाद और यमुना यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां देर शाम उनकी मौत हो गई। गया के प्रखंड क्षेत्र के खजूरी में लू की चपेट में आने से 60 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं नालंदा में 45 वर्षीय पंपपाल सिंह अपने घर से पास के ही खेत में गए थे, जहां उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने लू लगने से मौत की आशंका जताई है।
राज्य के 19 जिलों में पारा 41 के पार
जमुई के झाझा रेलवे स्टेशन पर बलिया-सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन में रेखा शर्मा (46) की भीषण गर्मी के कारण तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें झाझा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण डॉक्टर ने जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां महिला की मौत हो गई। इसके अलावा जिले में लघु सिंचाई विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत अजीत कुमार की लू की चपेट में आने से मौत हो गई। बता दें कि मौसम विभाग ने गुरुवार को बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य के 19 जिलों में पारा 41 के पार है। वहीं मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।