Edited By Ramanjot, Updated: 27 Feb, 2026 10:52 AM

टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षिका सीता देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायल आदित्य प्रकाश ने बताया कि बस की चपेट में आते ही अनियंत्रित होकर वे गिर गए, जबकि उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं।
Road Accident: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें सरकारी शिक्षिका की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मृतका के पति, जो कि कॉलेज प्रोफेसर हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बस चालक की तलाश तेज कर दी है। घटना जिले के तुर्की थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच पर हुई।
मृतका की पहचान माधोपुर सुस्ता निवासी सीता देवी (शिक्षिका, मरवन विद्यालय) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सीता देवी अपने पति आदित्य प्रकाश के साथ स्कूटी से कहीं जा रही थीं। इसी दौरान मधौल बाईपास के समीप मैदापुर रैयती एनएच पर पीछे से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बस ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षिका सीता देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायल आदित्य प्रकाश ने बताया कि बस की चपेट में आते ही अनियंत्रित होकर वे गिर गए, जबकि उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं।
मात्र छह महीने पहले मिली थी सरकारी नौकरी
परिजनों ने बताया कि सीता देवी ने काफी संघर्ष के बाद महज छह महीने पहले ही सरकारी शिक्षिका के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। उनकी इस असमय मृत्यु से न केवल उनके दो पुत्रों (आदित्य कुमार और भास्कर प्रकाश) के सिर से मां का साया उठ गया, बल्कि पूरे क्षेत्र और विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम और सदर थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकार स्पष्ट होने के बाद तुर्की थाना पुलिस ने मामले को अपने हाथ में लिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार बस और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। तुर्की थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।