Edited By Nitika, Updated: 23 May, 2023 08:38 AM

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी (Sushil Modi) ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय भ्रष्टाचारी एकता मिशन में लगे हैं।
पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी (Sushil Modi) ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय भ्रष्टाचारी एकता मिशन में लगे हैं।
सुशील मोदी ने बयान जारी कर कहा कि कुमार ने भ्रष्टाचार से समझौता कर लिया है, इसलिए वे भ्रष्टाचार उजागर करने वाले अधिकारियों को प्रताड़ित करने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का समर्थन करने दिल्ली पहुंच गए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के दो मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में बंदी हैं। दिल्ली सरकार के आधे दर्जन से ज्यादा अफसरों ने लिखित शिकायत की है कि भ्रष्टाचार के मामले उजागर करने के कारण उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।

भाजपा सांसद ने कहा कि संविधान में राष्ट्रीय राजधानी की विशेष स्थिति का ध्यान रखते हुए दिल्ली को केंद्र शासित बनाया गया, जो सीधे राष्ट्रपति से शासित होता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में वाशिंगटन डीसी, ओटावा, पेरिस और बर्लिन जैसी बड़ी राजधानियां भी दिल्ली की तरह केंद्रशासित हैं। दिल्ली में संसद, उच्चतम न्यायालय, राष्ट्रपति भवन और विदेशी दूतावास होने की वजह से इसे पूर्ण राज्य नहीं बनाया गया है।
वहीं मोदी ने कहा कि दिल्ली के अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए राष्ट्रीय राजधानी प्रशासनिक सेवा प्राधिकरण गठित करने के लिए अध्यादेश लाना पूरी तरह संवैधानिक कदम है। उन्होंने कहा कि एक भ्रष्टाचार-पोषक मुख्यमंत्री की मनमानी से ईमानदार अफसरों को बचाने वाला अध्यादेश कानून भी बनेगा और जदयू-कांग्रेस के मित्र इसे राज्यसभा में पारित होने से नहीं रोक पाएंगे।

भाजपा सांसद ने कहा कि किसी पूर्ण राज्य की निर्वाचित सरकार को ट्रांसफर-पोस्टिंग का जैसा पूर्ण अधिकार होता है, वैसा ही अधिकार केंद्रशासित दिल्ली की सरकार को देने के उच्चतम न्यायालय के फैसले की कॉपी मिलने से पहले ही केजरीवाल ने जो मनमानी शुरू कर दी थी, उसे देखते हुए एक अध्यादेश लाना आवश्यक हो गया था।