Edited By Nitika, Updated: 14 Dec, 2022 04:11 PM

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। साथ ही कहा कि यदि विशेष राज्य का दर्जा मिल जाता तो बिहार और आगे बढ़ जाता।
पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। साथ ही कहा कि यदि विशेष राज्य का दर्जा मिल जाता तो बिहार और आगे बढ़ जाता।
नीतीश कुमार ने यहां बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा अनुशंसित नवनियुक्त पदाधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार पिछड़ा राज्य है, अगर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल जाता तो वह और आगे बढ़ जाता। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से आह्वान करते हुए कहा, ‘‘आपलोग अपना-अपना कार्य पूरी मजबूती से कीजिएगा। आप सभी ने हाथ उठाकर अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ करने का संकल्प लिया है। कुछ लोग गड़बड़ करने वाले होते हैं। जब सरकार इतना दे रही है तो बाएं-दाएं करने की जरुरत नहीं है। आप लोग इधर-उधर का काम मत कीजिएगा। आप सभी जनहित में पूरी मजबूती के साथ काम करिएगा तो इसका लाभ लोगों को मिलेगा। इससे समाज और बिहार आगे बढ़ेगा, कोई गरीब नहीं रहेगा। हमलोग हर क्षेत्र में विकास का काम कर रहे हैं ताकि सबका विकास हो सके।''
वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में उन्होंने घोषणा की थी कि बिहार में युवाओं के लिए 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की जा रही है। वह शुरू से ही चाहते थे कि नियुक्ति तेजी से हो लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। वह मुख्य सचिव को कहेंगे कि यह काम तेजी से करवाएं। विभिन्न विभागों में तेजी से नियुक्ति को लेकर ही उन्होंने तकनीकी कर्मियों के चयन के लिए तकनीकी सेवा आयोग, पुलिस अवर निरीक्षक की बहाली बिहार पुलिस सेवा आयोग, सिपाही चयन के लिए केंद्रीय सिपाही चयन पार्षद, महाविद्यालयों में नियुक्ति को लिए बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग का गठन किया है।