Edited By Ramanjot, Updated: 25 Jun, 2026 06:03 PM

सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए, जिससे जांच के दौरान परिवार को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना के बिलौटी में 17 जून को हुए कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी मामले की न्यायिक जांच शुरू हो गई है। सरकार की ओर से न्यायिक जांच के लिए को बनाई गई कमिटी के अध्यक्ष अवकाश प्राप्त न्यायधीश विनोद कुमार सिन्हा जांच के सिलसिले में आज अधिकारियों की टीम के साथ बिलौटी गांव पहुंचे। उनके साथ शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी सत्य प्रकाश, भोजपुर के डीएम तनय सुल्तानिया तथा एसपी श्री राज भी मौजूद थे।
जस्टिस विनोद कुमार सिन्हा ने मृतक के परिजनों से बंद कमरे में विस्तार से बातचीत की और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली। बातचीत के दौरान परिजनों ने बताया कि वे काफी भयभीत हैं। उनका आरोप था कि थाना पुलिस के जवान किसी भी समय उनके घर पहुंच जाते हैं, जिससे पूरे परिवार में डर का माहौल बना रहता है। परिजनों ने यह भी कहा कि हाल ही में महिला पुलिसकर्मी के आने से परिवार के लोग और अधिक परेशान हो गए हैं। जस्टिस सिन्हा ने इस मुलाकात के बाद परिजनों को आश्वस्त किया कि बेजरूरत किसी भी थाना की पुलिस उनके घर नहीं आएगी।
यह एनकाउंटर नहीं, बल्कि हत्या है- परिजन
सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए, जिससे जांच के दौरान परिवार को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने परिजनों से अपील की कि इस मामले से जुड़े जो भी साक्ष्य, फोटो, वीडियो अथवा अन्य दस्तावेज उनके पास उपलब्ध हों, उसे वह उपलब्ध कराएं। इस दौरान परिजनों ने एक मोबाइल फोन के संबंध में भी जानकारी दी, जिसे उन्होंने भरत भूषण तिवारी का मोबाइल बताया। परिजनों ने आरोप लगाया कि भरत भूषण तिवारी ने हथियार फेंक देने के बाद भी पुलिस ने उन्हें गोली मार दी। उनका कहना है कि यह एनकाउंटर नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।
जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी- जस्टिस विनोद
इस पर जस्टिस विनोद कुमार सिन्हा ने कहा कि यह आरोप जांच के दायरे में है और सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी तथा जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी के आधार पर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले 17 जून को पुलिस ने भोजपुर जिले में शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भारत भूषण तिवारी का एनकाउंटर किया था, लेकिन उनके परिजनों में आरोप लगाया कि सरेंडर करने के बाद श्री तिवारी की पुलिस ने हत्या कर दी। इस संबंध में मिडिया और सोशल मिडिया में चले कई दिनों तक ड्रामें के बाद बिहार सरकर ने सेवा निवृत न्यायधीश की देखरेख में इस घटना के न्यायिक जांच के आदेश दिए थे।