Edited By Ramanjot, Updated: 19 Apr, 2026 06:26 PM

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क सुरक्षा और गोल्डन आवर में इलाज पर जोर दिया गया।
Bihar News: बिहार के परिवहन सचिव राज कुमार ने रविवार को बताया कि अब आपातकालीन ट्रॉमा सेंटर में सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को 1,50,000 तक का मुफ्त इलाज मुहैया कराया जाएगा।
बिहार के उप मुख्यमंत्री-सह-परिवहन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने आज परिवहन विभाग की एक अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय कार्यशैली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया गया। परिवहन सचिव राज कुमार ने उप मुख्यमंत्री चौधरी को विभाग की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने सड़क सुरक्षा, ड्राइविंग टेस्टिंग और जल परिवहन को लेकर कई ऐसे निर्देश दिए, जिनका सीधा और सकारात्मक असर राज्य की परिवहन व्यवस्था एवं आम जनता पर पड़ेगा। सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को कम करने और घायलों को गोल्डन आवर में चिकित्सा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है।
PPP मोड पर लागू होगा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम
परिवहन सचिव राजकुमार ने बताया कि अब आपातकालीन ट्रॉमा सेंटर में सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को 1,50,000 तक का मुफ्त इलाज मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजधानी सहित राज्य के प्रमुख शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था को स्मार्ट और सुगम बनाने के लिए पीपीपी मोड पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया गया है, इससे ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तकनीकी निगरानी रखी जा सकेगी।