Edited By Nitika, Updated: 04 Jan, 2023 10:39 AM

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपनी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है। साथ ही कहा कि मामले को गंभीरता पूर्वक लेते हुए इसे पार्टी सुप्रीमो के संज्ञान में लाया गया है।
पटनाः बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपनी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है। साथ ही कहा कि मामले को गंभीरता पूर्वक लेते हुए इसे पार्टी सुप्रीमो के संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन सरकार का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना, भाजपा और उसकी नीतियों का समर्थन करना है।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के छोटे बेटे तेजस्वी ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा, ‘‘उन्होंने (सुधाकर सिंह) मुख्यमंत्री के बारे में जो कुछ भी कहा है, वह बेहद आपत्तिजनक है। मामले को पार्टी सुप्रीमो के संज्ञान में लाया गया है।'' यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी सुधाकर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी, उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मामले को गंभीरतापूर्वक लिया गया है... इसे पार्टी सुप्रीमो के संज्ञान में लाया गया है। पिछले साल अक्टूबर में दिल्ली में आयोजित पार्टी के खुले सत्र के दौरान पार्टी नेताओं को संयम बरतने और इस तरह के बयान जिसमें महागठबंधन सरकार पर टिप्पणी करना भी शामिल था, देने से बचने की सलाह दी गई थी। इस तरह के बयान अस्वीकार्य है।''
गौरतलब है कि सुधाकर द्वारा हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के कारण विवाद खड़ा हो गया है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर ने मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए नीतीश कुमार की तुलना ‘‘शिखंडी'' (महाभारत में एक किन्नर चरित्र) से करते हुए कहा था कि एक बार उनके (नीतीश) पद से हटने पर उन्हें याद नहीं रखेंगे। नीतीश ने राज्य के लिए कुछ भी बड़ा नहीं किया है... पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कृष्ण सिन्हा और कर्पूरी ठाकुर जैसे लोग हैं, जिन्हें बिहार के लोग राज्य बनाने में उनके योगदान के लिए हमेशा याद रखेंगे। हमारे नेता (राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद) ने भी प्रदेश के लिए बहुत कुछ किया है। लेकिन नीतीश कुमार का नाम इतिहास में नहीं होगा। वह बिल्कुल याद नहीं रहेगा। वह ‘‘शिखंडी'' की तरह हैं, जिसकी अपनी कोई हैसियत नहीं है।''