Edited By Ramanjot, Updated: 01 Oct, 2023 10:15 AM

कुशवाहा ने शनिवार को जिले के कहलगांव में जदयू द्वारा आयोजित कर्पूरी चर्चा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जननायक स्व. कर्पूरी ठाकुर के संकल्प के रास्ते पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चल रहे हैं और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए अति पिछड़ों,...
भागलपुर: बिहार जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने आज कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हटाओ देश बचाओ के संकल्प को पूरा करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की जरूरत है।
कुशवाहा ने शनिवार को जिले के कहलगांव में जदयू द्वारा आयोजित कर्पूरी चर्चा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जननायक स्व. कर्पूरी ठाकुर के संकल्प के रास्ते पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चल रहे हैं और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए अति पिछड़ों, पिछड़ों, कमजोर वर्गों और दलितों को मुख्य धारा से जोड़ा गया है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अति पिछड़ों, पिछड़ों और कमजोर लोगों को सिर्फ आरक्षण देने का काम नहीं किया है बल्कि विभिन्न योजनाओं, रोजगार, नौकरी आदि में भी सभी को सहूलियत प्रदान की है। इससे आज सभी खुशहाल जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार स्व. ठाकुर के आदर्शों को अपनाते हुए बिहार को विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रही है और आज हर तबके के लोगों के हितों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।
कुशवाहा ने कहा कि आज जननायक स्व. ठाकुर की राजनीति एवं संकल्प के बिना बिहार और देश की उन्नति नहीं हो सकती है। ऐसे में हम सबों का दायित्व बनता है कि सभी एकजुट होकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करें तभी अगले लोकसभा चुनाव में पूरी मजबूती के साथ बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे और इसके लिए अभी से ही तैयारी शुरू करने की जरूरत है।