Edited By Ramanjot, Updated: 04 Jul, 2026 05:29 PM

मृतकों में राम प्रसाद (38), रामू (40) और रगदा (45 ) शामिल है। तीनों मृतक झारखंड के साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ क्षेत्र के निवासी थे।
भागलपुर: बिहार में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के साहिबगंज- भागलपुर रेलखंड पर शिवनारायणपुर स्टेशन के समीप शुक्रवार को मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन रेल मजदूरों की मौत हो गई तथा अन्य एक घायल हो गया।
भागलपुर के सरकारी रेल पुलिस (GRP) थानाध्यक्ष नसीम अहमद ने बताया कि शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे संवेदक के अधीन कार्यरत चार मजदूर अप-लाइन के मेंटेनेंस (रखरखाव) कार्य करने के लिए जा रहे थे। इस दौरान वे डाउन ट्रैक पर चल रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में सभी मजदूर आ गए। उन्होंने बताया कि इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं एक गंभीर रूप से घायल है।
मृतकों में राम प्रसाद (38), रामू (40) और रगदा (45 ) शामिल है। तीनों मृतक झारखंड के साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ क्षेत्र के निवासी थे। गंभीर रुप से घायल प्रधान हांसदा को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही रेल के अधिकारी, सरकारी रेल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरु कर दी है। इस सिलसिले में सरकारी रेल पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।