Edited By Harman, Updated: 19 Feb, 2026 12:03 PM

बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ एक भीषण सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को पल भर में छीन लिया। अपनी फुफेरी बहन के तिलक समारोह में शामिल होने आए युवक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके...
Bihar Road Accident News : बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ अपनी फुआ की बेटी के तिलक उत्सव में शामिल होने आए युवक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे से घर में शहनाई की जगह मातम की चीखें गूंज उठी।
तिलक का सामान लेकर लौट रहा था घर
मिली जानकारी के अनुसार, घटना दाउदनगर-गया मुख्य मार्ग पर घटी। मृतक युवक की पहचान हसपुरा थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सौरभ एक दिन पहले ही छट्ठू बिगहा मनार गांव में अपनी फुआ की बेटी के तिलक उत्सव में शामिल होने आया था। मंगलवार शाम वह बाजार से तिलक का जरूरी सामान लेकर बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सौरभ की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने की फिराक में था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मुआवजे की मांग के लिए परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग को घंटों जाम रखा। दाउदनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर लोगों को समझाया और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है।