Edited By Ramanjot, Updated: 30 Oct, 2026 01:39 PM

मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। सीतामढ़ी और मधुबनी में अत्यंत भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है।
पटना: बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटे तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), पटना केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा चलने की आशंका है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को सीतामढ़ी और मधुबनी में अत्यंत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, दरभंगा, शिवहर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में ऑरेंज अलर्ट तथा पटना समेत कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। सीतामढ़ी और मधुबनी में अत्यंत भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है।
40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
दरभंगा, शिवहर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण, सीवान और वैशाली समेत कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान है। पटना में भी बादल छाए रहने तथा एक-दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।