Edited By Ramanjot, Updated: 04 Jul, 2026 04:43 PM

मंगल पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि वर्तमान सरकार बिहार को देश का एक अग्रणी तकनीकी केंद्र (हब) बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
Bihar News: पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय (Mangal Pandey) ने बिहार में डिजिटल सुशासन और तकनीकी विकास के क्षेत्र में राज्य की सम्राट चौधरी सरकार की ओर से उठाए जा रहे ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी कदमों की प्रशंसा की है।
मंगल पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि वर्तमान सरकार बिहार को देश का एक अग्रणी तकनीकी केंद्र (हब) बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम न केवल प्रशासनिक व्यवस्था में अभूतपूर्व पारदर्शिता लाएगा, बल्कि भ्रष्टाचार की जड़ों पर भी अंतिम प्रहार करेगा। पांडेय ने कहा कि बिहार में आज जो व्यापक तकनीकी बदलाव और डिजिटल क्रांति दिख रही है, उसकी असली प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी‘‘डिजिटल इंडिया‘'(डिजिटल भारत) का विजन है।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने तकनीकी क्षेत्र में जो वैश्विक कीर्तिमान स्थापित किए हैं, आज राज्य सरकार उसी पदचिन्हों पर चलते हुए तकनीक के लाभ को बिहार के गांव-गांव और हर नागरिक तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने लंबे कार्यकाल में बिहार में सुशासन और न्याय के साथ विकास की जो मजबूत नींव रखी थी, आज उसी को आगे बढ़ाते हुए सम्राट चौधरी सरकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से जनता को सीधे और त्वरित लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के सुशासन के संकल्प को आज डिजिटल माध्यमों से एक नई शक्ति और गति मिली है।