Edited By Nitika, Updated: 27 Nov, 2023 08:47 AM

झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को एक ट्रक से मोटरसाइकिल की हुई भिड़ंत में छह साल के एक लड़के समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई...
लातेहारः झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को एक ट्रक से मोटरसाइकिल की हुई भिड़ंत में छह साल के एक लड़के समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई जबकि तीन साल की एक लड़की घायल हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायल लड़की को रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाया गया। उन्होंने बताया कि राज्य की राजधानी रांची से करीब 90 किलोमीटर दूर चितारपुर गांव में यह हादसा हुआ।
बालूमठ थाने के प्रभारी धर्मेंद्र कुमार महतो ने बताया कि एक ही परिवार के चार सदस्य मोटरसाइकिल पर सवार थे और बालूमठ-चंद्र मार्ग पर एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा, ‘‘वह व्यक्ति, महिला और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। बालूमठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक जांच के बाद लड़की को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स ले जाया गया।''
वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान विजय गांझू (28), देवंती देवी (26) और अमृत कुमार (छह) के रुप में हुई है जबकि घायल लड़की की पहचान अंकिता कुमार के तौर पर की गई है। उनके अनुसार वे सभी चांदवा के अंगारा गांव के निवासी थे। महतो ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा चालक एवं सहायक (हेल्पर) को गिरफ्तार कर लिया गया है।