Edited By Khushi, Updated: 14 Mar, 2026 10:54 AM

Jharkhand News: हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बुरी खबर है। हाल के दिनों में घरेलू उड़ानों के टिकट महंगे हो गए हैं। खासकर रांची से देश के बड़े शहरों के लिए फ्लाइट किराए में 25 से 35 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे यात्रियों की...
Jharkhand News: हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बुरी खबर है। हाल के दिनों में घरेलू उड़ानों के टिकट महंगे हो गए हैं। खासकर रांची से देश के बड़े शहरों के लिए फ्लाइट किराए में 25 से 35 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
हवाई टिकटों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं
रांची से देश के प्रमुख शहरों के लिए हवाई टिकटों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। ट्रैवल एजेंसियों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में घरेलू फ्लाइट किराए में करीब 25 से 35 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। एयरलाइंस कंपनियों का कहना है कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) यानी हवाई ईंधन की कीमत बढ़ने और परिचालन लागत बढ़ने के कारण टिकट महंगे हुए हैं। इस बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 12 मार्च से हर घरेलू उड़ान के टिकट पर 399 रुपये का अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज जोड़ने का फैसला किया है। इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ा है और टिकट की कीमत पहले से ज्यादा हो गई है।
फ्लाइट किराए में करीब 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी
ट्रैवल एजेंसियों के अनुसार फिलहाल रांची से दिल्ली के लिए फ्लाइट टिकट करीब 12 हजार से 15 हजार रुपये तक मिल रहा है। वहीं हैदराबाद जाने के लिए टिकट 10 हजार से 13 हजार रुपये के बीच है। बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को लगभग 15 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। इसी तरह रांची से मुंबई के लिए टिकट 14 हजार से 16 हजार रुपये तक पहुंच गया है। जबकि कोलकाता के लिए किराया अभी 8 हजार से 10 हजार रुपये के बीच है। एजेंसियों का कहना है कि यात्रियों की मांग बढ़ने के कारण इन रूटों पर किराए में लगातार उतार-चढ़ाव भी हो रहा है।
तारा ट्रैवल एजेंसी के संचालक रणधीर कुमार ने बताया कि हवाई ईंधन की कीमत बढ़ने से एयरलाइंस की लागत भी बढ़ गई है, जिसका असर टिकट कीमतों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि अगर यात्री आखिरी समय में टिकट बुक करते हैं तो उन्हें और ज्यादा किराया देना पड़ सकता है। वहीं ओम ट्रैवल्स के रूपेश कुमार के मुताबिक सामान्य दिनों की तुलना में फ्लाइट किराए में करीब 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि हवाई किराया सीटों की उपलब्धता और यात्रियों की मांग के आधार पर बदलता रहता है, लेकिन इस बार बढ़ोतरी कुछ ज्यादा देखने को मिल रही है।