एसबीआई बैंक में CBI का छापा, मैनेजर और कैशियर की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप

Edited By Ramanjot, Updated: 03 Jun, 2026 01:16 PM

cbi raids sbi branch arrests of manager and cashier spark uproar

अचानक हुई इस कार्रवाई से बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Jharkhand News: झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड स्थित डुमरिया स्थित एसबीआई शाखा में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई से बैंकिंग क्षेत्र में हड़कंप मच गया। धनबाद स्थित सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) की टीम ने शाखा प्रबंधक रोहित कुमार और एक कैशियर को कथित तौर पर 77 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। 

कर्मचारियों और ग्राहकों में मची अफरा-तफरी 

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सीबीआई की टीम शाम करीब चार बजे बैंक पहुंची और रात आठ बजे तक शाखा परिसर में गहन जांच-पड़ताल करती रही। इस दौरान अधिकारियों ने बैंक से जुड़े दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच की तथा कई बैंक कर्मियों से पूछताछ भी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक मृतक खाताधारक के खाते में जमा राशि के भुगतान के एवज में शाखा प्रबंधक ने कैशियर के माध्यम से रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित व्यक्ति रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। इसके बाद उसने धनबाद स्थित सीबीआई कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। 

सीबीआई ने दोनों आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ा 

शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने पर विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। सीबीआई की निगरानी में शिकायतकर्ता ने बैंक अधिकारियों को रिश्वत की रकम सौंपी। जैसे ही रुपए का लेन-देन हुआ, पहले से मौजूद सीबीआई टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। 

सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने आरोपित बैंक कर्मियों के आवासों पर भी तलाशी अभियान चलाया। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि भ्रष्टाचार का यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं। करीब चार घंटे तक बैंक में जांच और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद सीबीआई टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ धनबाद ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।  

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!