Edited By Harman, Updated: 05 Feb, 2026 11:06 AM

Jharkhand Desk : झारखंड में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां हाथियों के हमले में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीणों में भारी दहशत...
Jharkhand Desk : झारखंड में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां हाथियों के हमले में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीणों में भारी दहशत व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बोकारो जिले के वन प्रक्षेत्र महुआटांड़ अंतर्गत बड़कीपुन्नू गांव का है। मृतकों में 65 वर्षीय गंगा करमाली और उनकी पत्नी 63 वर्षीय कमली देवी और एक अन्य 65 वर्षीय महिला भगिया देवी शामिल है। हमले में 50 वर्षीय करमी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग अपने घर में गहरी नींद में सोए हुए थे । तभी हाथियों का झुंड बड़कीपुन्नू के करमाली टोला में घुस आया। लोगों के घरों पर हमला कर दिया। वहीं इस हमले में तीन लोगों की जान चली गई जबकि एक बुरी तरह से घायल हो गई। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के बढ़ते हमलों के बावजूद अब तक कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि वे दहशत और भय के माहौल में जी रहे हैं। इधर घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन और वन विभाग की ओर से हालात पर नजर रखने की बात कही जा रही है।