Edited By Khushi, Updated: 02 Feb, 2026 12:45 PM

Jharkhand News: चेन्नई के समुद्र तट पर बीते रविवार को घूमने गए तीन युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। समुद्र में नहाने के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए। तेज लहरों की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक अब भी लापता हैं। घटना से उनके...
Jharkhand News: चेन्नई के समुद्र तट पर बीते रविवार को घूमने गए तीन युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। समुद्र में नहाने के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए। तेज लहरों की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक अब भी लापता हैं। घटना से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
तीनों युवक समुद्र की लहरों में बह गए
दरअसल, चेन्नई के समुद्र तट पर रविवार को छुट्टी मनाने गए तीन युवक समुद्र में नहाने के दौरान हादसे का शिकार हो गए। तीनों युवक एकेडमी ऑफ मेरीटाइम एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (एएमईटी), चेन्नई में नौसेना प्रशिक्षण के लिए चयनित हुए थे। रविवार की छुट्टी मिलने पर तीनों दोस्त समुद्र किनारे घूमने पहुंचे थे। घूमने के दौरान तीनों ने समुद्र में नहाने का फैसला किया। नहाते समय वे धीरे-धीरे गहरे पानी में चले गए। इसी दौरान अचानक तेज लहरें उठीं और तीनों युवक समुद्र की लहरों में बह गए।
कड़ी मशक्कत के बाद एक युवक को बाहर निकाला गया
घटना को देख समुद्र तट पर मौजूद लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद एक युवक को बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान तमिलनाडु निवासी मुकेश के रूप में हुई। हालांकि, उसे बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई। मुकेश का शव बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, रांची के तुपुदाना निवासी 20 वर्षीय रितेश प्रजापति और मुंबई निवासी नवल अब भी लापता हैं। चेन्नई पुलिस, गोताखोर और अन्य टीमें लगातार समुद्र में दोनों युवकों की तलाश कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
परिवार और स्थानीय लोग इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं
घटना की सूचना मिलने के बाद रितेश प्रजापति के परिजन चेन्नई के लिए रवाना हो चुके हैं। मर्चेंट नेवी की ओर से भी परिवार को हादसे की जानकारी दी गई है। रितेश प्रजापति पढ़ाई में काफी होनहार था। वह हमेशा अपनी कक्षा में अव्वल रहता था। उसने 10वीं की पढ़ाई ब्रिजफोर्ड स्कूल से और 12वीं सरस्वती शिशु विद्या मंदिर से पूरी की थी। परिवार और स्थानीय लोग इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं। 12वीं के बाद रितेश को कई जगहों से नौकरी के ऑफर मिले थे, लेकिन उसका सपना मर्चेंट नेवी में जाने का था। उसी सपने को पूरा करने के लिए वह प्रशिक्षण लेने चेन्नई गया था। दुर्भाग्यवश, प्रशिक्षण के दौरान ही यह हादसा हो गया।
मां के रोने-बिलखने से पूरा मोहल्ला गमगीन हो गया
रितेश के पिता कैलाश प्रजापति ऑटो चालक हैं। सीमित आय के बावजूद उन्होंने अपने दोनों बेटों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। रितेश की मां फुटवियर की दुकान चलाकर परिवार और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करती थीं। बड़ा भाई रोशन प्रजापति सॉफ्टवेयर और मोबाइल मैकेनिक का काम करता है। जैसे ही रितेश के डूबने की खबर परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। पिता कैलाश प्रजापति सदमे में आ गए, वहीं मां दुकान पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। सूचना मिलते ही रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग घर पहुंचने लगे। मां के रोने-बिलखने से पूरा मोहल्ला गमगीन हो गया। रितेश से पूरे परिवार को बहुत उम्मीदें थीं। मर्चेंट नेवी में चयन होने पर परिवार को उस पर गर्व था। फिलहाल बड़ा भाई और अन्य परिजन विमान से चेन्नई के लिए रवाना हो चुके हैं।