Edited By Harman, Updated: 28 Feb, 2026 08:50 AM

Patna News : भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता में एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम ने पटना उच्च न्यायालय के नौ न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए नामों को मंजूरी दे दी है। इस नियुक्ति के बाद पटना उच्च न्यायालय...
Patna News : भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता में एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम ने पटना उच्च न्यायालय के नौ न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए नामों को मंजूरी दे दी है। इस नियुक्ति के बाद पटना उच्च न्यायालय न्यायाधीशों की वर्तमान संख्या 38 से बढ़कर 47 हो जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इन 9 नए जजों के नामों को दी मंजूरी
न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता में सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम ने 26 फरवरी 2026 को हुई बैठक में पटना उच्च न्यायालय के नौ न्यायाधीशों की नियुक्ति के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। जिन अधिवक्ताओं के नाम न्यायाधीश पद के लिए स्वीकृत किए गए हैं, उनमे मो. नदीम सेराज, रंजन कुमार झा, कुमार मनीष, संजीव कुमार, गिरीजेश कुमार, आलोक कुमार, राज कुमार, राणा विक्रम सिंह और विकास कुमार शामिल हैं। इन नियुक्तियों पर अंतिम मुहर तब लगेगी जब केंद्र सरकार सिफारिशों को संसाधित कर नियुक्ति वारंट जारी करेगी।
लंबित मामलों में मिलेगी राहत
नियुक्ति वारंट जारी होने के बाद पटना हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या 38 से बढ़कर 47 हो जाएगी। यह संख्या में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि होगी, क्योंकि इससे पहले सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम ने एक साथ इतनी बड़ी संख्या में न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए नामों को मंजूरी नहीं दी थी। राज्य के महाधिवक्ता पी.के. शाही, पटना हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश चंद्र वर्मा तथा सरकारी अधिवक्ता प्रशांत प्रताप ने न्यायाधीश पद के लिए स्वीकृत सभी व्यक्तियों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे पटना उच्च न्यायालय में लंबित मामलों की संख्या कम करने में मदद मिलेगी।