थूकने के विवाद में बिहार के युवक की मध्य प्रदेश में हत्या, नाबालिग ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार; 2 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Edited By Harman, Updated: 10 Mar, 2026 11:32 AM

a youth from bihar was murdered in madhya pradesh over a spitting dispute

बिहार के मधुबनी जिले के एक युवक की मध्य प्रदेश के कटनी में मामूली विवाद के बाद नृशंस हत्या कर दी गई। महज थूकने के छींटे पड़ने पर हुए विरोध ने इतना तूल पकड़ा कि एक नाबालिग ने चाकू गोदकर युवक की जान ले ली। इस घटना के बाद मृतक के गांव में कोहराम मचा...

Bihar Desk : मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बिहार के एक युवक की मामूली बात पर हत्या कर दी गई। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है।

थूकने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार के मधुबनी जिला अंतर्गत पाली गांव निवासी आसिफ अली के रूप में हुई है। आसिफ अली दिल्ली की एक कंपनी में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था और हाल ही में काम के सिलसिले में अपने साथियों के साथ कटनी के बरगवां इलाके में आया था। रविवार देर रात जब वह खाना लेने के लिए होटल जा रहा था, तभी सड़क पर मौजूद एक नाबालिग ने वहां थूक दिया। थूक के कुछ छींटे आसिफ पर पड़ गए, जिसका उसने विरोध किया। यह मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई और आक्रोश में आए नाबालिग ने अपने पास रखे चाकू से आसिफ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। खून से लथपथ होकर आसिफ जमीन पर गिर गया। 

आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

लहूलुहान हालत में आसिफ को उसके साथियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान कर ली गई है, जो उसी इलाके का रहने वाला है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

आसिफ अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। जैसे ही उसकी मौत की खबर मधुबनी स्थित उसके पैतृक गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं।


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!