Edited By Ramanjot, Updated: 28 Apr, 2025 09:39 PM

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है।
पटना:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
1990 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी चैतन्य प्रसाद को अध्यक्ष-सह-राजस्व परिषद, बिहार, पटना का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। फिलहाल वे सामान्य प्रशासन विभाग में मुख्य जांच आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं।
इसी तरह 1995 बैच के अधिकारी डॉ. बी. राजेन्दर को बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (BIPARD) के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे वर्तमान में सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे जन शिकायत निवारण, बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी और खेल विभाग के भी अतिरिक्त प्रभार में हैं।
1996 बैच के आईएएस अधिकारी एच. आर. श्रीनिवास को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। वे हाल ही में सामान्य प्रशासन विभाग में योगदान देने के बाद पोस्टिंग की प्रतीक्षा कर रहे थे।
इसके अलावा, पंकज कुमार (1997 बैच), नर्मदेश्वर लालसे (2000 बैच), संदीप कुमार आर पुडकलकट्टी (2006 बैच) और मनोज कुमार (2007 बैच) समेत अन्य अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया है।
सरकार के इस कदम को प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और विभिन्न विभागों में कुशल प्रबंधन सुनिश्चित करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।