Edited By Ramanjot, Updated: 26 Apr, 2025 12:56 PM

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को जदयू प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में बिहार प्रदेश जदयू विधि प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित अधिवक्ता समागम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
पटना:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को जदयू प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में बिहार प्रदेश जदयू विधि प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित अधिवक्ता समागम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विधि प्रकोष्ठ के गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, "आप सभी अधिवक्ता साथी पार्टी की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। न्याय के साथ विकास के संकल्प को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में आपकी भूमिका अहम रहेगी।"
मुख्यमंत्री ने आगामी बिहार विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए सभी अधिवक्ताओं से पूरी ताकत और एकजुटता के साथ पार्टी को जीत दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि "हमने हमेशा समाज के सभी वर्गों और हर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य किया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी व्यापक प्रयास किए गए हैं।"
एनडीए के साथ अपने संबंधों को स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने दोहराया कि"हम शुरू से एनडीए के साथ रहे हैं, बीच में अन्य दिशा में गए जरूर थे, लेकिन अब स्थायी रूप से एनडीए के साथ रहेंगे और मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।"

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए और विशाल माला पहनाई गई। इस मौके पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
