Edited By Harman, Updated: 28 Oct, 2025 09:58 AM

Chhath Puja 2025: बिहार में सूर्योपासना के महापर्व कार्तिक छठ के अवसर पर आज व्रतधारियों ने उदीयमान सूर्य को नदी और तालाब में खड़े होकर अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चार दिनों का यह पवित्र अनुष्ठान संपन्न हो गया।
Chhath Puja 2025: बिहार में सूर्योपासना के महापर्व कार्तिक छठ के अवसर पर आज व्रतधारियों ने उदीयमान सूर्य को नदी और तालाब में खड़े होकर अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चार दिनों का यह पवित्र अनुष्ठान संपन्न हो गया। गंगा नदी में हजारों महिला और पुरुष व्रतधारियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर लाखों लोगों ने पवित्र गंगा नदी में स्नान भी किया।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सरकारी आवास एक अणे मार्ग में परिवार के सदस्यों के साथ उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।

देश के विभिन्न राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और बिहार-झारखंड के कोने-कोने में छठव्रतियों की ओर से आज सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किए जाने के साथ ही चार दिनों का यह पवित्र अनुष्ठान संपन्न हो गया।

गौरतलब है कि चार दिवसीय यह महापर्व नहाय खाय से शुरू होता और उस दिन श्रद्धालु नदियों और तलाबों में स्नान करने के बाद शुद्ध घी में बना अरवा चावल का भोजन ग्रहण करते हैं। इस महापर्व के दूसरे दिन श्रद्धालु दिन भर बिना जलग्रहण किये उपवास रखने के बाद सूर्यास्त होने पर पूजा करते हैं और उसके बाद एक बार ही दूध और गुड़ से बनी खीर खाते हैं तथा जब तक चांद नजर आये तब तक पानी पीते हैं और उसके बाद से उनका करीब 36 घंटे का निराहार व्रत शुरू होता है।