Edited By Khushi, Updated: 11 Feb, 2026 03:32 PM

Ranchi News: पिपरवार थाना क्षेत्र के बचरा 122 कॉलोनी में बीते मंगलवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई। दो साल के एक मासूम बच्चे को संदिग्ध व्यक्ति उठाकर ले जा रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। घटना के...
Ranchi News: पिपरवार थाना क्षेत्र के बचरा 122 कॉलोनी में बीते मंगलवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई। दो साल के एक मासूम बच्चे को संदिग्ध व्यक्ति उठाकर ले जा रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जंगल से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया
दरअसल, बीते मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे कॉलोनी की एक महिला ने देखा कि एक संदिग्ध व्यक्ति एक छोटे बच्चे को लेकर जा रहा है। महिला को शक हुआ तो उसने तुरंत शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में ग्रामीणों ने पास के जंगल से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्चे की पहचान सीता कुमार के रूप में हुई है। वह बुंडू पंचायत के बटुका गांव निवासी टेकलाल महतो और सुनीता देवी का दो वर्षीय पुत्र है। फिलहाल उसका परिवार बचरा 122 कॉलोनी में रह रहा है। समय पर बच्चे के मिल जाने से बड़ी अनहोनी टल गई।
आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान जारी
घटना के बाद लोगों में गुस्सा और डर दोनों देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में तीन संदिग्ध पुरुषों की भूमिका हो सकती है। तलाशी के दौरान बचरा साइडिंग के पास जंगल में एक अन्य किड्स स्कूल के बच्चे की ड्रेस भी मिली है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। आशंका जताई जा रही है कि यह किसी गिरोह की हरकत हो सकती है। सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। आसपास के जंगलों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
यह घटना अभिभावकों के लिए भी सतर्क रहने की चेतावनी
इस घटना के बाद कॉलोनी और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग की है। यह घटना अभिभावकों के लिए भी सतर्क रहने की चेतावनी है।