Edited By Khushi, Updated: 19 Mar, 2026 11:00 AM

Jharkhand News: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के आखिरी दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और आने वाली योजनाओं को सरल शब्दों में पेश किया। उन्होंने कहा कि सरकार हर क्षेत्र में काम कर रही है और जनता से किए वादों को पूरा करने के लिए...
Jharkhand News: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के आखिरी दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और आने वाली योजनाओं को सरल शब्दों में पेश किया। उन्होंने कहा कि सरकार हर क्षेत्र में काम कर रही है और जनता से किए वादों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
“हम जो कहते हैं, वही करते हैं”
बजट सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य की आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर हुई है और वित्तीय प्रबंधन में झारखंड अब 13वें से तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा, “हम जो कहते हैं, वही करते हैं”, और यही सरकार की पहचान है। सामाजिक सुरक्षा के बारे में उन्होंने बताया कि पहले जहां 12-13 लाख लोगों को पेंशन मिलती थी, अब यह बढ़कर 36 लाख हो गई है। खास बात यह है कि अब परित्यक्ता (छोड़ी गई) महिलाओं को भी पेंशन दी जा रही है। महिलाओं के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। “मंईयां सम्मान योजना” के तहत करीब 50 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है और इस योजना के लिए बजट में सबसे ज्यादा पैसा रखा गया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब सिर्फ मदद लेने वाली नहीं, बल्कि फैसले लेने में भी आगे आ रही हैं।
"शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार काम कर रही है"
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि महिलाओं के लिए और योजनाएं शुरू की जाएंगी, जैसे “जोहार परियोजना”, “मंईयां बलवान योजना” और “मंईयां उद्यमी योजना”। शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार काम कर रही है। “सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस” में छात्रों की रुचि बढ़ी है और कई छात्र आगे पढ़ाई के लिए चयनित हुए हैं। पहले 80 ऐसे स्कूल थे, अब 100 और नए स्कूल खोले जाएंगे। सरकार ने शिक्षा के लिए 18,800 करोड़ रुपये, यानी कुल बजट का 12 प्रतिशत तय किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए पढ़ाई और ज्ञान जरूरी है।
"झारखंड लगातार आगे बढ़ रहा है"
आदिवासी मुद्दों पर उन्होंने कहा कि देश के किसी भी हिस्से में आदिवासियों की आवाज उठाना जरूरी है और झारखंड इस जिम्मेदारी को निभाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार पहली बार दावोस गई, जहां निवेश के नए मौके मिले हैं। अंत में उन्होंने कहा कि अब लोगों में फिर से भरोसा बढ़ा है और झारखंड लगातार आगे बढ़ रहा है।