Edited By Khushi, Updated: 14 Feb, 2026 05:04 PM

Noida: वैलेंटाइन डे के दिन नोएडा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सड़क किनारे खड़ी कार के अंदर एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Noida: वैलेंटाइन डे के दिन नोएडा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सड़क किनारे खड़ी कार के अंदर एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कार के अंदर मिले युवक-युवती के शव
नोएडा के सेक्टर-107 इलाके में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे खड़ी एक कार में खून से लथपथ युवक और युवती को देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची सेक्टर-39 थाना पुलिस ने जब कार का दरवाजा खोला, तो दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस जांच में मृतक युवक की पहचान दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी सुमित के रूप में हुई है। वहीं युवती की पहचान नोएडा के सेक्टर-58 निवासी रेखा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को कई सालों से जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध था।
सुसाइड या मर्डर? पुलिस कर रही जांच
कार के अंदर से एक पिस्टल और कुछ कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इसमें किसी तीसरे व्यक्ति का हाथ तो नहीं है। अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि यह सुसाइड है या मर्डर।
फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। बरामद हथियार को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण और समय की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है और परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस घटना की सच्चाई सामने आ सके।