Edited By Harman, Updated: 25 Feb, 2026 04:58 PM

Bihar News : बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि भविष्य में गंगा परियोजना बनारस से फरक्का तक जोड़ी जाएगी और इससे सुगम यातायात के साथ जलमार्ग से व्यापारिक सामानों की ढुलाई भी सस्ती हो जाएगी।
Bihar News : बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि भविष्य में गंगा परियोजना बनारस से फरक्का तक जोड़ी जाएगी और इससे सुगम यातायात के साथ जलमार्ग से व्यापारिक सामानों की ढुलाई भी सस्ती हो जाएगी।
दिलीप जायसवाल ने आज सदन में विधायक मिथिलेश तिवारी के अल्पसूचित सवाल का जवाब देते हुए कहा कि महत्वाकांक्षी गंगा पथ परियोजना कोइलवर से मुंगेर तक बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इसका विस्तार बक्सर होते हुए बनारस तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुंगेर से आगे बढाते हुए इसे साहेबगंज के पास फरक्का में मिला दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पथ के बन जाने के बाद सड़क के साथ जलमार्ग भी विकसित होगा और बनारस से समुद्र के किनारे तक व्यावसायिक सामानों की ढुलाई पहले से सस्ती हो जाएगी।
दिलीप जायसवाल ने कहा कि दीघा से दीदारगंज तक 4-लेन जेपी गंगा पथ का निर्माण कार्य पूर्ण है एवं वाहनों का आवागमन भी चालू है। दीदारगंज से फतुहा, बख्तियारपुर होते हुए अथमलगोला तक 4-लेन का चौड़ीकरण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि गंगा नदी के दक्षिणी तट की ओर से मुंगेर (सफियाबाद), बरियारपुर-घोरघट-सुल्तानगंज गंगा पथ परियोजना,सुल्तानगंज-भागलपुर- सबौर गंगा पथ परियोजना पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि जेपी गंगा पथ परियोजना का दीघा-शेरपुर-बिहटा (कोईलवर पुल के पहुंच पथ) का 4-लेन पथ निर्माण के लिए कार्य संवेदक को आवंटित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में इसे अग्रसारित कर बनारस से फरक्का तक सुगम यातायात की व्यवस्था करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जेपी गंगा पथ के तर्ज पर नारायणी नदी के किनारे पथ सोनपुर हरिहरनाथ क्षेत्र से गोपालगंज होते हुए बाल्मीकि नगर तक के नारायणी हाई स्पीड कॉरिडोर के निर्माण का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।