Edited By Ramanjot, Updated: 20 Sep, 2022 05:19 PM

मंगलवार को राजद प्रदेश कार्यालय में जगदानंद सिंह की जीत की घोषणा करते हुए राजद के राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. तनवीर हसन ने कहा कि उनको राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा 12 फरवरी को सांगठनिक चुनाव वर्ष 2022 -25 के लिए राज्य निर्वाचन पदाधिकारी...
पटना (अभिषेक कुमार सिंह): जगदानंद सिंह दूसरी बार राजद के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए हैं। पार्टी ने उन पर फिर से भरोसा जताया है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 19 सितंबर को एकमात्र नामांकन जगदानंद सिंह द्वारा चार सेट में दाखिल किया गया था। जांच उपरांत चारों सेट सही और वैध पाए गए। वहीं 20 सितंबर को 1:00 बजे तक नामांकन पत्र वापसी की तिथि निर्धारित की गई थी जिस दरमियान एकमात्र दाखिल नामांकन पत्र वापस नहीं लिया गया। इसके बाद राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद हेतु एकमात्र उम्मीदवार जगदानंद सिंह को निर्वाचित घोषित किया गया।
21 सितंबर को सौंपा जाएगा प्रमाण पत्र
मंगलवार को राजद प्रदेश कार्यालय में जगदानंद सिंह की जीत की घोषणा करते हुए राजद के राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. तनवीर हसन ने कहा कि उनको राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा 12 फरवरी को सांगठनिक चुनाव वर्ष 2022 -25 के लिए राज्य निर्वाचन पदाधिकारी मनोनीत किया गया था। डॉक्टर तनवीर हसन ने बताया कि पूर्व घोषित कार्यक्रम में राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा किए गए आंशिक संशोधन के उपरांत 16 सितंबर तक प्रारंभिक इकाई से लेकर जिला स्तर तक के चुनाव संपन्न करा लिया गया। साथ ही डॉक्टर तनवीर ने जानकारी देते हुए कहा 21 सितंबर को पटना में राज्य परिषद की बैठक होगी जिसमें निर्विरोध रूप से निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के निर्वाचन की विधिवत औपचारिकता पूरी की जाएगी एवं उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा जाएगा।
6 बार विधायक रह चुके है जगदानंद
बता दें कि राजद प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जगदानंद सिंह की यह दूसरी पारी होगी। इससे पहले उन्होंने 2019 में अध्यक्ष पद संभाला था। जगदानंद सिंह रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से 6 बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने पहला विधानसभा चुनाव लोकदल के टिकट पर 1985 में जीता था। इसके बाद जनता दल के टिकट पर 1990 और 1995 में विधानसभा का चुनाव जीता। फिर 2000 और 2005 में जगदानंद ने राजद के टिकट पर चुनाव जीता।