Edited By Nitika, Updated: 04 Oct, 2022 10:52 AM

भाजपा के राज्यसभा सदस्य और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि तेजस्वी प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री बनवाने की जल्दी में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद अभी नीतीश कुमार की हर शर्त मानने को बाध्य हैं।
पटनाः भाजपा के राज्यसभा सदस्य और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि तेजस्वी प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री बनवाने की जल्दी में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद अभी नीतीश कुमार की हर शर्त मानने को बाध्य हैं।
सुशील मोदी ने बयान जारी कर कहा कि कृषि मंत्री के पद से इस्तीफा दे चुके सुधाकर सिंह और राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कृषि रोड मैप और मंडी कानून के मुद्दे पर नीतीश सरकार की आलोचना कर अपने तीखे मतभेद जाहिर कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि राजद के चुनाव घोषणा पत्र में बाजार समिति को फिर से बहाल करने की बात कही गई है, जबकि नीतीश कुमार ने इसे समाप्त किया था।
जगदानंद को नैतिकता के आधार पर देना चाहिए इस्तीफाः मोदी
भाजपा सांसद ने कहा कि कृषि मुद्दे पर महागठबंधन के दो प्रमुख दलों में तीव्र मतभेद सार्वजनिक होने से जाहिर है कि सरकार में सब कुछ ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि मंत्री के पद से सुधाकर सिंह के त्यागपत्र के बाद लालू प्रसाद यादव को राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को हटा देना चाहिए या सिंह को खुद नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।