Edited By Swati Sharma, Updated: 19 Nov, 2025 11:50 AM

Bihar government formation: बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों के बीच मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले चेहरों और विधानसभा अध्यक्ष पद को लेकर जोरदार खींचतान जारी है। सूत्रों के अनुसार, जनता...
Bihar government formation: बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों के बीच मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले चेहरों और विधानसभा अध्यक्ष पद को लेकर जोरदार खींचतान जारी है। सूत्रों के अनुसार, जनता दल यूनाइटेड (JDU) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच विधानसभा अध्यक्ष पद को लेकर सहमति बनाने की कोशिशें जारी है तथा दोनों ही दल पद पर अपना-अपना दावा ठोंक रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) से पांच से छह नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है।
सूत्रों ने बताया कि जद(यू) अपने अधिकांश मंत्रियों को बरकरार रख सकता है, जबकि भाजपा कुछ नए चेहरों को शामिल कर सकती है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) भी नयी सरकार का हिस्सा होंगी। सूत्रों के अनुसार, “लोजपा (रामविलास) को तीन, जबकि हम और रालोमो को एक-एक मंत्री पद मिलने की संभावना है।”
JDU के इन नेताओं का नाम सबसे आगे
मुख्यमंत्री के अलावा JDU के जिन नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है, उनमें बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, सुनील कुमार, लेसी सिंह, शीला मंडल, मदन सहनी, रत्नेश सदा, मोहम्मद जामा खान, जयंत राज, उमेश सिंह कुशवाहा और अशोक चौधरी शामिल हैं। नए चेहरों में राहुल कुमार सिंह, सुधांशु शेखर, कलाधर प्रसाद मंडल और पन्ना लाल सिंह पटेल के नामों पर विचार किया जा रहा है।
कई पुराने चेहरे होंगे रिपीट
भाजपा की ओर से अधिकांश मौजूदा मंत्रियों को दोबारा मौका मिलने की संभावना है। इनमें सम्राट चौधरी, प्रेम कुमार, मंगल पांडेय, विजय कुमार सिन्हा, नीतीश मिश्रा, रेनू देवी, जिबेश कुमार, नीरज कुमार सिंह, जनक राम, हरि साहनी, केदार प्रसाद गुप्ता, सुरेंद्र मेहता, संतोष कुमार सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं। पार्टी तीन से चार नए चेहरों को भी शामिल करने पर विचार कर रही है, नए चेहरों में राणा रणधीर, गायत्री देवी और विजय कुमार खेमका को जगह मिल सकती है। वहीं, LJP(R), HAM और RLM ने भी अपने मंत्रियों के नामों को फाइनल कर लिया है।
यह भी पढ़ेंः- नीतीश कुमार चुने गए JDU विधायक दल के नेता, कल लेंगे CM पद की शपथ