Edited By Khushi, Updated: 28 Jan, 2026 10:51 AM

Ranchi News: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस (स्विट्जरलैंड) और यूनाइटेड किंगडम में वैश्विक मंच पर झारखंड का सफल प्रतिनिधित्व कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन रांची लौटे। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज...
Ranchi News: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस (स्विट्जरलैंड) और यूनाइटेड किंगडम में वैश्विक मंच पर झारखंड का सफल प्रतिनिधित्व कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन रांची लौटे। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।

"दावोस में वैश्विक विचारों का आदान-प्रदान बेहद प्रेरणादायक रहा"
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व में चैम्बर के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और सदस्यों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इसके बाद झारखंड चैम्बर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में चैम्बर पदाधिकारियों ने दावोस यात्रा को झारखंड के लिए ऐतिहासिक और भविष्य में दूरगामी लाभ देने वाली पहल बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के विकास कार्यों में व्यापारी और उद्यमी समाज पूरी भागीदारी के साथ सहयोग करता रहेगा।

चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा हाई-लेवल डेलिगेशन में झारखंड चैंबर को शामिल किया जाना यह दर्शाता है कि राज्य अब निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि दावोस यात्रा के दौरान टेक महिंद्रा, लूलू ग्रुप, टाटा, अडानी समूह, टीसीएस सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ सकारात्मक बातचीत हुई। झारखंड पवेलियन को लेकर निवेशकों में खास उत्साह देखने को मिला और “Grow with Nature” स्लोगन को वैश्विक स्तर पर सराहा गया। महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि दावोस में वैश्विक विचारों का आदान-प्रदान बेहद प्रेरणादायक रहा। मुख्यमंत्री का यह स्पष्ट संदेश कि आर्थिक विकास के साथ पर्यावरण से कोई समझौता नहीं होगा, अंतरराष्ट्रीय मंच पर खूब सराहा गया।