Edited By Harman, Updated: 04 Mar, 2026 03:27 PM

Bihar News : बिहार के पटनासिटी के सरकारी अस्पताल पीएमसीएच में इलाज के दौरान मारपीट और बदसलूकी का गंभीर मामला सामने आया है। एक मरीज ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में तैनात 35 जूनियर डॉक्टरों और गार्डों ने न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि मोबाइल फोन और...
Bihar News : बिहार के पटनासिटी के सरकारी अस्पताल पीएमसीएच में इलाज के दौरान मारपीट और बदसलूकी का गंभीर मामला सामने आया है। एक मरीज ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में तैनात 35 जूनियर डॉक्टरों और गार्डों ने न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि मोबाइल फोन और ट्रॉली बैग भी छीन लिया।
ट्रेन में मारपीट के बाद पहुंचे थे अस्पताल
मधुबनी निवासी 31 वर्षीय राहुल कुमार मिश्रा अपने भाई सोनू के साथ 2 मार्च को ट्रेन से सफर कर रहे थे। अथमलगोला के पास दोनों के साथ मारपीट की घटना हुई, जिसमें वे घायल हो गए। प्राथमिक उपचार बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में कराने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर कर दिया।
सीटी स्कैन को लेकर शुरू हुआ विवाद
राहुल के मुताबिक, वे 3 मार्च की सुबह अस्पताल पहुंचे थे। पीड़ित का आरोप है कि सर्जरी विभाग में डॉक्टरों ने उन्हें सीटी स्कैन बाहर से कराने की सलाह दी। राहुल ने कहा कि यदि अस्पताल में सुविधा उपलब्ध नहीं है तो पर्ची पर लिखकर दे दिया जाए, ताकि वे बाहर जांच करा सकें। इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।राहुल का दावा है कि इसके बाद कुछ डॉक्टर और सुरक्षाकर्मी आक्रोशित हो गए और उनके साथ-साथ उनकी मां और भाई के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट करने लगे।
अस्पताल परिसर में घेरकर पीटने का आरोप
पीड़ित ने बताया कि किसी तरह वे लोग वहां से निकलकर बाहर जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी अस्पताल परिसर में 30-35 लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इनमें जूनियर डॉक्टर और गार्ड शामिल थे, जिन्होंने तीनों भाइयों की पिटाई की। राहुल ने पुलिस को दिए बयान में यह भी कहा है कि कई आरोपी नशे की हालत में थे। उनका आरोप है कि मारपीट के दौरान मोबाइल फोन और ट्रॉली बैग भी छीन लिए गए, जिसमें कपड़ों के अलावा अन्य कीमती सामान था।
35 जूनियर डॉक्टरों पर केस दर्ज
पुलिस ने मंत्री संजय सिंह के दखल देने के बाद यह कदम उठाया है। पीरबहोर थाने के प्रभारी सज्जाद गद्दी ने बताया कि 35 अज्ञात जूनियर डॉक्टरों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान और भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की तैयारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।