Edited By Ramanjot, Updated: 17 Feb, 2026 10:22 PM

जहानाबाद में NEET की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला और गंभीर हो गया है। छात्रा के पैतृक घर में एक बार फिर धमकी भरा पर्चा मिलने से परिवार भयभीत है।
पटना: जहानाबाद में NEET की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला और गंभीर हो गया है। छात्रा के पैतृक घर में एक बार फिर धमकी भरा पर्चा मिलने से परिवार भयभीत है। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार (17 फरवरी 2026) को घर के किचन में एक कागज मिला, जिस पर बड़े अक्षरों में धमकी लिखी थी कि परिवार नहीं माना तो बेटे की भी जान ले ली जाएगी। आशंका है कि यह पर्चा किचन की खिड़की से अंदर फेंका गया। इससे पहले 14 फरवरी को भी इसी तरह का एक नोट मिला था, जिसमें परिवार को चुप रहने की चेतावनी दी गई थी। लगातार मिल रही धमकियों ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
पुलिस सुरक्षा पर सवाल
परिवार को पहले से पुलिस सुरक्षा मिली हुई है। इसके बावजूद घर के अंदर धमकी भरे पर्चे पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय थाना पुलिस ने पहले नोट को जब्त कर जांच शुरू की थी। दूसरी घटना के बाद केस दर्ज कर जांच और तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ और निगरानी बढ़ाई गई है।
CBI की सक्रियता, मोबाइल फोन बरामद
मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है। पांच सदस्यीय टीम हाल ही में दोबारा गांव पहुंची। सूत्रों के अनुसार, छात्रा के भाई का मोबाइल फोन मखदुमपुर इलाके की एक गुमटी से बरामद किया गया है। इसे जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। एजेंसी डिजिटल एविडेंस के जरिए केस की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
छात्रा पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। 6 जनवरी 2026 को उसे बेहोशी की हालत में पाया गया था। बाद में 11 जनवरी को निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार ने शुरुआत से ही यौन उत्पीड़न और मामले को दबाने की कोशिश का आरोप लगाया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट में कपड़ों पर संदिग्ध जैविक साक्ष्य मिलने की बात सामने आई थी। मामले में हॉस्टल के एक कर्मचारी की गिरफ्तारी भी हुई थी। राज्य सरकार की सिफारिश पर जांच CBI को सौंपी गई।
जांच जारी, धमकी देने वाला कौन?
लगातार मिल रही धमकियों ने केस को और पेचीदा बना दिया है। जांच एजेंसियां धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी हैं। फिलहाल परिवार दहशत में है और सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहा है।