Edited By Harman, Updated: 23 Feb, 2026 12:05 PM

Bihar News : बिहार के नवादा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
Bihar News : बिहार के नवादा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
ट्रक की चपेट में आए युवक, मौके पर ही दम तोड़ा
मिली जानकारी के अनुसार, दर्दनाक हादसा मेसकौर थाना क्षेत्र में बेलवान मोड़ के पास की है। मृतक धीरज कुमार नालंदा जिले के भैरव बीघा गांव का निवासी था और अपने ननिहाल आया हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक की गति इतनी तीव्र थी कि चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और धीरज कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल युवक को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
आक्रोशित भीड़ का फूटा गुस्सा, ट्रक को किया आग के हवाले
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की भयावहता देख स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। स्थिति बहुत तनावपूर्ण हो गई। भीड़ ने ट्रक को घेर आग के हवाले कर दिया। ट्रक से उठती आग की लपटें और काला धुआं दूर-दूर तक देखा गया। सूचना मिलते ही मेसकौर थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने ट्रक की आग पर काबू पाया। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।